राम और रामायण के रहस्य
राम और रामायण के रहस्य-
राम आदर्श आर्य राजा के साथ साथ वेदों के विद्वान व योगी भी थे। उनके शासन काल में विज्ञान अपने चरम पर था, सौर वा आण्विक उर्जा से उडने वाले पुष्पक विमान थे, आग्नेयास्त्र वरुणास्त्र पाशुपतास्त्र जैसे अद्भुत अस्त्र शस्त्र थे , गांव गांव में गुरुकुल थे, गौशालाएं थीं। राम पितृभक्ति, देश भक्ति व ईश्वर भक्ति की प्रतिमूर्ति थे। उनके शासन में जनता धनधान्य से भरपूर थी, लोग घरों में ताले लगा कर नहीं सोते थे, घर घर यज्ञ योग व वेदपाठ होता था। आजकल की तरह न्याय पाने के लिए सालों साल न्यायालयों के चक्कर नहीं लगाने पडते थे। सभी वर्गों का सम्मान था, सभी के साथ समान व्यवहार था, लोग मां बाप की तन मन धन से सेवा करते थे, उन्हें वृद्धाश्रमों में नहीं छोडते थे। मांस अंडे बीड़ी सिगरेट शराब का नामोनिशान न था। वेश्यावृत्ति व लिव इन रिलेशनशिप जैसे पापों को कानूनी जामा नहीं पहनाया जाता था। लाखों ऋषि मुनि थे जो धर्म का प्रचार करते थे, राजा भी सब काम ऋषि मुनियों के परामर्श से करता था। आजकल की तरह पशुबलि, पाषाण पूजा, शिवलिंग पूजा, शनि पूजा, गणेश पूजा व महाकाल पूजा जैसे पाखंड न थे। आजकल की तरह मंत्री व कर्मचारी भ्रष्ट न थे। बलात्कार वा सामूहिक बलात्कार का तो कोई सोच भी नहीं सकता था। रावण ने अपनी बहन शर्पूनखा की बातों में आकर माता सीता का हरन तो किया परन्तु उसे कभी छुआ तक नहीं। नारी को पूज्यनीय माना जाता था, स्वयंबर होते थे। न्याय व्यवस्था व दण्ड व्यवस्था बहुत मजबूत और शीघ्रकारी थी। कुछ मूर्ख व स्वार्थी लोगों ने तरह तरह की रामायण लिख कर व मूल बाल्मीकि रामायण में भी मिलावट करके राम के बारे में बहुत दुष्प्रचार कर रखा है। धोबी की बातों में आकर सीता को बनबास कोरी गप्प है, प्राचीन काल में कभी कभी गर्भवती महिला को ऋषि मुनियों के आश्रमों में भेज दिया जाता था ताकि गर्भस्थ शिशु पर अच्छे संस्कार पडें। राम द्वारा शम्बूक वध की कथा भी किसी दुष्ट द्वारा की गई मिलावट है। हनुमान, सुग्रीव, बाली व जामवंत आदि महापुरुषों को बन्दर रीछ मानना मूर्खता है। राम के जीवन पर एक सुन्दर भव्य चित्रदीर्घा तो हो परन्तु राम की मूर्तियां बना कर पूजना वा उनमें प्राणप्रतिष्ठा का नाटक करना मूर्खता है। राम के गुणों को जीवन में धारण करना ही राम की सच्ची पूजा है। राम के भक्त झूठ छल कपट घमंड पाखंड दुराचार भ्रष्टाचार अन्याय अत्याचार का व्यवहार नहीं कर सकते और न ही मांस अंडे बीड़ी सिगरेट शराब तम्बाकू गुटखा आदि का सेवन कर सकते हैं।
............................
- डा मुमुक्षु आर्य